March 26, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

बदरीनाथ केदारनाथ मंदिरों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध

बदरीनाथ, केदारनाथ धाम समेत बीकेटीसी के अधीन 47 मंदिर में हैं, जिनमें गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने प्रेसवार्ता में इसकी घोषणा की।

उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो)। उत्तराखंड में श्री बदरीनाथ केदारनाथ सहित 47 मंदिरों में गैर हिंदुओं के परवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। आगामी अप्रैल में यात्रा सीजन से यह प्रतिबंध शुरू हो जाएगा। इसके साथ में मंदिर और मंदिर परिसर में मोबाइल पर भी प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए एसओपी तैयार की जा रही है। कुछ दिन पूर्व बीकेटीसी की बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया था।

श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी मंगलवार को कैनाल रोड देहरादून स्थित होटल में प्रेस कांफ्रेंस की। द्विवेदी ने कहा कि श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की अगाध आस्था है। उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी लगाई है। मंदिर से 50-60 मीटर के दायरे में प्रतिबंध का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जल्द ही इस संबंध में एसओजी जारी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग मंदिर में दर्शन के बाद परिसर में मोबाइल से रील बनाते रहते हैं, वह लंबे समय तक परिसर में ही जमे रहते हैं, जिससे वहां अनावश्यक भीड़ रहती है और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसको देखते हुए मोबाइल बैन किया गया है। कहा कि मंदिर आने पर ध्यान भगवान पर होना चाहिए न कि रील बनाने पर।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ व अन्य मंदिरों के गर्भगृह में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। यह रोक नई नहीं है। बल्कि शंकराचार्य के समय से ही यह व्यवस्था है। अब इसे सख्ती के साथ लागू किया जा रहा है। धार्मिक स्थलों पर धर्मानुसार व्यवस्था बनाना आवश्यक है। मंदिर समिति इसके लिए प्रतिबद्ध है कि यहां परंपराओं का पालन पूरी तरह पालन कराया जाय।

चारधाम के लिए अब तक छह लाख श्रद्धालुओं के कराया रजिस्ट्रेशन

मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि आगामी अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए अब तक छह लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। छह मार्च से 16 मार्च तक दो सप्ताह में श्रीकेदारनाथ मंदिर के लिए दो लाख छह हजार 622, श्रीबदरीनाथ मंदिर के लिए एक लाख 82 हजार 212, श्रीगंगोत्री धाम के लिए एक लाख 15 हजार 763 और श्रीयमुनोत्री धाम के लिए एक लाख 13 हजार 256 तीर्थयात्रियों ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है।

ऋषिकेश में खुलेगा मंदिर समिति का शिविर कार्यालय

द्विवेदी ने बताया कि चारधाम यात्रा की पूर्व व्यवस्थाओं के लिए ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में मंदिर समिति का शिविर कार्यालय खोला गया है ताकि व्यवस्थाएं बनाई जा सकें। वहीं, तीर्थ पुरोहितों के हित को ध्यान में रखते हुए तीर्थ पुरोहित कल्याण कोष की भी स्थापना की गई है, जिससे उनकी मदद की जाएगी।

गैर सनातनी एफिडेविट देकर कर सकेंगे मंदिर में दर्शन 

श्रीबदरीनाथ केदारनाथ सहित अन्य 47 मंदिरों में यदि कोई गैर हिंदू भगवान के दर्शन करना चाहता है तो वह हिंदू धर्म में आस्था रखने का एफिडेविट देकर दर्शन कर सकेगा। फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान के केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने के पूछे गए सवाल पर मंदिर समिति के हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सनातन का स्वरूप विराट है, विश्व में जिसकी भी सनातन में आस्था है, वह सनातनी है, हम उनका स्वागत करते हैं। सारा अली की सनातन के प्रति आस्था है तभी वह आती हैं, वह आएंगी तो एफिडेविट देंगी।

news