April 21, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

सकारात्मकता, प्रेम और उल्लास का संदेश देता है होली का पर्व : डॉ शैलेन्द्र

स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने राजपुर रोड स्थित विश्व संवाद केंद्र में आयोजित किया पत्रकार होली मिलन समारोह। उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक डॉ शैलेंद्र बतौर मुख्य अतिथि हुए सम्मिलित।

(Uttarakhand Meemansa News)। स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पत्रकार होली मिलन समारोह उल्लास के साथ मनाया गया। आपसी प्रेम व भाईचारे के इस मिलन उत्सव में कवियों ने जहां कविताओं का वाचन कर उपस्थित लोगों के मन को गुदगुदाया। वहीं, ढोल-नगाड़ों के साथ पत्रकारों ने जमकर नृत्य करने के साथ ही एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।

राजपुर रोड स्थित विश्व संवाद केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक डॉ शैलेंद्र बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित रहे। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें असत्य पर सत्य की विजय और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने का संदेश देता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भक्त प्रह्लाद की भक्ति और उसकी सत्यनिष्ठा के कारण भगवान विष्णु ने उसे बचाया और अहंकारी होलिका का अंत हुआ। इससे हमें सीख मिलती है कि अहंकार और अन्याय की उम्र ज्यादा नहीं होती, अंततः जीत सत्य की ही होती है।उन्होंने होली का महत्व बताते हुए कहा कि फाग उत्सव का भारतीय पंरपरा में विशेष महत्व है। यह पर्व हमें समरसता का संदेश देता है। होली प्रेम व भाईचारे का त्योहार है, इसलिए होली को भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए।

मुख्य वक्ता डॉक्टर शैलेन्द्र ने पत्रकारों द्वारा दी गई सुंदर प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पत्रकार अपनी लेखन, प्रस्तुति, निष्पक्ष विश्लेषण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता के माध्यम से देश व समाज को जागरूक करने का कार्य करते हैं। उनकी रचनात्मकता, सत्यनिष्ठा और साहस प्रशंसा के योग्य हैं।

प्रांत प्रचार प्रमुख संजय कुमार ने सामाजिक एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि होली मिलन समारोह में आपसी नजदीकियां बढ़ती है। इस तरह के आयोजन से सामाजिक बंधुओं के बीच मेल मिलाप बढ़ता है।
आरएसएस के विभाग प्रचारक धनंजय ने कहा कि होली का त्योहार हमारी सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक और भारतीयता का प्रतीक है। सबको एक रंग में रंग देने का यह त्योहार है।

कार्यक्रम में वीरेंद्र डंगवाल “पार्थ”, शाक्त ध्यानी, शैलेन्द्र और जसबीर सिंह हलधर ने काव्य पाठ किया। अजय जोशी और रवि व्यास ने होली पर शानदार गीत गाए। वहीं, स्वामी एस चंद्रा ने होली गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संयोजक व मंच संचालन प्रांत मीडिया संवाद प्रमुख बलदेव पाराशर ने किया। होली मिलन कार्यक्रम में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब पोर्टल संचालित करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों, पत्रिका एवं मैगज़ीन के संपादकों सहित अनेक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार बंधुओं व पत्रकार बहनों ने भाग लिया।

news