December 18, 2025

Uttarakhand Meemansa

News Portal

कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल ने हिंदी साहित्य को अनमोल कविताओं का खजाना दिया: मुख्यमंत्री

-पोखरी में सात दिवसीय 16वां हिमवंत कवि चन्द्रकुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव शुरू

(Uttarakhand Meemansa News)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पोखरी में आयोजित सात दिवसीय 16वां हिमवंत कवि चन्द्रकुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने पोखरी शहर में सीसी व टाइल्स मार्गो के निर्माण, पोखरी नगर में नालों का निर्माण, नगर पंचायत पोखरी में सोलर लाइट स्थापित करने, पोखरी में मिमी स्टेडियम के अवशेष निर्माण कार्य के लिए धनराशि की स्वीकृति, पुष्करेश्वर महादेव मंदिर पोखरी गांव तक सिंचाई सिंचाई विभाग के नाला निर्माण कार्य व राजकीय पोखरी मेले को 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रख्यात कवि बर्त्वाल ने मात्र 28 साल की उम्र में हिंदी साहित्य को अनमोल कविताओं का समृद्व खजाना दे दिया था। उनकी कविताओं में अटूट प्रकृति प्रेम झलकता है। जीवन के इस छोटे सफर में उन्होंने सात सौ से भी अधिक कविताएं, गीत, मुक्तक, निबंध आदि लिखकर इतिहास रचा है। हिमपण्डित शैल शिखर, सदानीरा कल कल करती नदियां, लंबे चौडे लहलहाते चारागाह, दूर दूर तक फैले चीड़, बांज, बुरांश, देवदार के घने जंगल, रंग बिरंगे फूलों से लदालद भरी घाटियां, पशु पक्षी, ऋतुओं का पट-परिवर्तन, घन गर्जन सभी का चमत्कारिक चित्रण उनकी कविताओं में मिलता है।

मुख्यंमत्री धामी ने कहा कि राज्य का विकास सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। हमारी सरकार ने जो भी संकल्प लिए है उन्हे पूरा किया जा रहा है। सरकार ग्रामोदय से भारत उदय मिशन के साथ लगातार काम कर रही है। केन्द्र और राज्य सरकार के माध्यम से गरीब कल्याण के लिए योजनाएं शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने राज्य के नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दोषी और भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा दी जाएगी। युवाओं का समय खराब न हो, इसके लिए लोक सेवा आयोग के माध्यम से अतिशीघ्र सात हजार पदों की परीक्षाएं संपन्न करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही सरकार 12 हजार रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी करने जा रही है।

नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शॉल, मोमेंटों एवं चन्द्र कुंवर बर्त्वाल का चित्र भेंट किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद भट्ट, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, पूर्व थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला तिवारी, कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, एडीएम डा. अभिषेक त्रिपाठी, मेलाधिकारी/एसडीएम कमलेश मेहता, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय मौजूद रहे।

news