हिमाचल निवासी आरोपी बदरीनाथ धाम के समीप लामबगड़ स्थित जेपी कंपनी के सुरक्षाकर्मी है। वह कंपनी के अधिकारियों व उनके रिश्तेदारों को भगवान बदरीनाथ के दर्शन कराने की जिम्मेदारी संभालता था और चढ़ावा गणना के दौरान अक्सर गणना कक्ष में मौजूद रहता था।
उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। बदरीनाथ धाम के चर्चित चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी हिमाचल निवासी जेपी कंपनी के सुरक्षाकर्मी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दो जुलाई की गणना की सीसीटीवी फुटेज में वह बार-बार दान सामग्री में से कुछ उठाकर जेब में डालता दिखाई दे रहा था।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-3, नूरपुर, कांगड़ा हिमाचल प्रदेश निवासी मनोज कुमार बदरीनाथ धाम के समीप लामबगड़ स्थित जल विद्युत परियोजना की जेपी कंपनी में तैनात है। वह कंपनी के अधिकारियों व उनके रिश्तेदारों को भगवान बदरीनाथ के दर्शन कराने की जिम्मेदारी संभालता था और चढ़ावा गणना के दौरान अक्सर गणना कक्ष में मौजूद रहता था। इसी दौरान वह हाथ साफ कर लेता था।
उधर, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न करीब ढाई बजे पुलिस ने लामबगड़ स्थित उसके आवास से उसे हिरासत में लेकर बदरीनाथ थाने पहुंचाया, जहां गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल कर ली। बताया कि चोरी की कुछ सामग्री उसके आवास पर है, कुछ सामग्री यात्रियों को बेच दी और कुछ सामग्री मेहमानों को गिफ्ट कर दी। उसके आवास से चोरी का काफी सामान मिल गया है। पुलिस मंदिर समिति से जुड़े कई अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
आरोपी के आपास से सफेद धातु की पैर की बिछिया, चार सफेद धातु के कर्णफूल, एक पीली धातु की नौज रिंग, सात सफेद/ताबई धातु के सिक्के, दो सफेद धातु के टुकड़े, एक प्रतिमा (चकोर) सफेद धातु, दो सफेद धातु के छोटे कंगन, एक सफेद धातु का छोटा सिक्का प्लास्टिक की पन्नी के अंदर, एक हाथ का ब्रेसलेट, एक सफेद धातु का छोटा दंड जिस पर मोर पंख व लाल रंग का नग लगा है। चोरी की गई सामग्री से अर्जित छह हजार रुपये। आरोपी के फोन में चोरी किए गए काफी सामान के फोटो मिले। पूछताछ में उसने बताया कि वह चोरी किए गए हर सामान की उसी दिन फोटो खींचता था। चोरी का सामान एक चादर पर सजाकर वह फोटो लेता था, उक्त चादर को भी बरामद कर लिया गया है।


More Stories
साइबर अपराध नियंत्रण व प्रबंधन में उत्तराखंड पुलिस का देश में पांचवां नंबर
कैबिनेट का फैसला: ओवरटाइम कराने पर देनी होगी दोगुनी मजदूरी
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज