July 10, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

दून अस्पताल में युवती से छेड़छाड़: आरोपी सफाईकर्मी निलंबित, बर्खास्तगी की संस्तुति

आरोपी अस्पताल के सफाईकर्मी की यूनिफार्म में था। सुरक्षाकर्मियों ने पता किया तो वह उपनल के माध्यम से तैनात सफाईकर्मी निकला। पीड़ित युवती और भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की।

उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। दून अस्पताल में उपचार के लिए आई युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। घटना में आरोपी अस्पताल का सफाईकर्मी ही है। युवती के शोर मचाने पर सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया है।

आरोपी अस्पताल के सफाईकर्मी की यूनिफार्म में था। सुरक्षाकर्मियों ने पता किया तो वह उपनल के माध्यम से तैनात सफाईकर्मी निकला। पीड़ित युवती और भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की। सूचना पर दून चौकी पुलिस भी पहुंची। आरोपी को हिरासत में लेकर दून चौकी लाया गया।

जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दोपहर करीब दो बजे देहरादून निवासी युवती दून अस्पताल आई थी। चिकित्सक को दिखाने के बाद वह दवा काउंटर पर आई। अन्य मरीजों के साथ वह दवाएं लेने के लिए कतार में खड़ी हो गई। तभी अस्पताल का सफाईकर्मी भी उसके पीछे आकर खड़ा हो गया। इस दाैरान उसने छेड़छाड़ और अश्लीलता शुरू कर दी। युवती जब असहज हुई तो उसने शोर मचाया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। दूसरी ओर, घटना के बाद आरोपी सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से आदेश जारी किया गया है। साथ ही उपनल को पत्र लिखकर जल्द से जल्द उसकी सेवाएं समाप्त करने के लिए कहा गया है।

28 मई को एक कर्मचारी पर बेसमेंट में दुष्कर्म का प्रयास का आरोप

करीब डेढ़ माह पहले 28 मई को दून अस्पताल के ही कर्मचारी पर महिला के साथ बेसमेंट में दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगा था। इसके बाद आरोपी कर्मचारी को प्राचार्य कार्यालय से अटैच कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की थी। अब फिर से युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना से सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठ रहा है।

घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी कर्मचारियों को महिलाओं के साथ अच्छा व्यवहार करने की हिदायत दी गई है।
– डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट, चिकित्सा अधीक्षक, दून अस्पताल

news