April 6, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

तापस चक्रवर्ती की पुस्तक “हम्पी: उत्कर्ष से अपकर्ष तक” का हुआ लोकार्पण

उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो)। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र देहरादून की ओर से आयोजित वरिष्ठ साहित्यकार तापस चक्रवर्ती की पुस्तक “हम्पी: उत्कर्ष से अपकर्ष तक” का लोकार्पण शनिवार को किया गया। इसके साथ ही पुस्तक पर परिचर्चा भी हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दून विश्वविद्यालय की कुलपति डा. सुरेखा डंगवाल, उत्तराखंड साहित्य भूषण से सम्मानित ख्यातिप्राप्त कहानीकार डा. जितेन ठाकुर और वरिष्ठ साहित्यकार मुकेश नौटियाल ने परिचर्चा में भाग लिया। वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार डा .बुद्धिनाथ मिश्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के चन्द्रशेखर तिवारी ने सभी वक्ताओं और उपस्थित बुद्धिजीवियों का धन्यवाद किया।

वक्ताओं ने कहा कि एक जीते जागते नगर हम्पी के बारे में लिखी यह पुस्तक विशाल विजयनगर साम्राज्य की राजधानी की एक झलक देने का प्रयास करती है, लगता है पाठक इसे पढ़ते हुए उसी जगह की सैर कर रहा है।

इस अवसर पर सोमवारी लाल उनियाल, प्रो. गोविन्द सिंह, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. डीके पाण्डे, इन्द्रजीत सिंह, देवेन्द्र कुमार काण्डपाल, रूपा चक्रवर्ती, अनिल भारती, रजनीश त्रिवेदी व इंदरजीत सिंह, दर्द गढ़वाली, भारत सिंह रावत, समदर्शी बड़थ्वाल, शैलेंद्र नौटियाल, कर्नल मदन मोहन कण्डवाल, कीर्ति नवानी, रजनीश त्रिवेदी, सुंदर सिंह बिष्ट भगवान प्रसाद घिल्डियाल, कुलभूषण नैथानी सहित अनेक साहित्यकार, भाषाविद और शोध छात्र, युवा पाठक व शहर के अन्य प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। संचालन डॉ. भारती मिश्र ने किया।

“वैली ऑफ़ वर्ड्स“ के नॉन फिक्शन वर्ग में शार्ट लिस्ट हुई है पुस्तक

उल्लेखनीय है कि चौदहवीं सदी में कैसे एक नगर ख्याति और वैभव में सम्पूर्ण विश्व में अनूठा स्थान बनाते हुए उत्कर्ष तक पंहुचा और कैसे सोलहवीं सदी के मध्य में एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक तालीकोटा के युद्ध में पराजित हुआ और अपने अपकर्ष तक जा मिला। यह इस पुस्तक के माध्यम से लेखक ने समझाने का प्रयास किया है। प्रस्तुत पुस्तक में विजयनगर से हम्पी तक का संक्षिप्त इतिहास, शासकों का परिचय एवं उनके शासन की उल्लेखनीय दास्तान, तत्कालीन विदेशी यात्रियों के विवरण, बोलते खंडहरों की गाथाएँ एवं निर्माण का विवरण व इन जीवंत पत्थरों की भाषा, विजय विट्ठल से वीरुपाक्ष मंदिरों का महत्त्व, महलों एवं अन्य राजसी इमारतों का विवरण, तत्कालीन धर्म एवं संप्रदाय की स्थिति आदि सम्मिलित है। आज जिस पुस्तक का लोकार्पण हुआ, उसको 2025 के “वैली ऑफ़ वर्ड्स“ के नॉन फिक्शन वर्ग में शार्ट लिस्ट होने के अतिरिक्त कादंबरी संस्था, जबलपुर द्वारा नवम्बर 2025 में “साहित्य सरस्वती सम्मान” व दिसम्बर 2025 में लिटरेचर लाइट पब्लिशिंग की ओर से एशिया का प्रतिष्ठित “स्पर्श साहित्य सम्मान” प्रदान किया जा चुका है।

तापस के पांच यात्रा वृतान्त हो चुके हैं प्रकाशित

लेखक तापस चक्रवर्ती केन्द्रीय जीएसटी विभाग से सहायक आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनके अब तक पांच यात्रा वृतान्त प्रकाशित हो चुके हैं।

news