आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजी जा रही खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतों के बाद डीएम ने खुद गोदाम पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाई गई। वहीं, गोदाम में बाल श्रमिक भी मिले, जिस पर डीएम ने गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो)। डीएम देहरादून सविन बंसल ने रुड़की के माड़ी चौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन आपूर्ति करने वाले सेंट्रल गोदाम में छापा मारा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजी जा रही खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतों के बाद डीएम ने खुद गोदाम पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक भी मिले, जिस पर डीएम ने गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
जांच में खजूर और केले के चिप्स के पैकेटों पर मैन्युफैक्चर और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई, जबकि कई पैकेटों पर तारीख का उल्लेख ही नहीं था। पैकेटों पर छपी तिथि की जगह स्टैंप लगी हुई तिथि भी मिली। गोदाम का संचालन मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया और वहां तापमान बनाए रखने की कोई व्यवस्था भी नहीं थी।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी के अंडे व अन्य खाद्य सामग्री मार्च में बांटी जा रही थी। रजिस्टर नियमानुसार नहीं मिले और सामग्री आपूर्ति करने वाले की ओर से जारी गुणवत्ता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए निकल रहे वाहनों को रुकवाकर खाद्य सामग्री के सैंपल भी लिए। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए सामग्री लेकर रवाना होने वाले थे। अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई।
डीएम सविन बंसल ने कहा कि बच्चों के पोषण को लेकर इस तरह की लापरवाही या निम्न गुणवत्ता की सामग्री देना बहुत ही गंभीर विषय है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसमें जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
ख्यातिलब्ध लोक कलाकार व रंगकर्मी दीवान कनवाल का निधन
देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में हुई नगर परिक्रमा
आज का राशिफल … आचार्य आशु जी