मतगणना शुरू होने पर लोगों की निगाहें नतीजों पर लगी थी। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के ज्यादातर नतीजे घोषित होने के साथ ही सबकी निगाहें मेयर सीट पर लगी रही।
देहरादून। उत्तराखंड के नगर निकाय चुनाव में भाजपा का भगवा खूब लहराया। हालांकि, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में उसकी चाल कुछ धीमी रही। ऐसे कई निकायों में बगावत कर चुनाव मैदान में चुनौती पेश करने वाले बागियों ने सत्तारूढ़ दल के पसीने छुड़ा दिए। 10 नगर निगमों में भाजपा के मेयर बन चुके हैं। वहीं, श्रीनगर में निर्दलीय प्रत्याशी जीती।
श्रीनगर नगर निगम को छोड़ दें तो बाकी 10 में से नौ में मेयर पद पर ट्रिपल इंजन दौड़ता नजर आया। श्रीनगर नगर निगम में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। वहां भाजपा को हराकर बागी आरती भंडारी मेयर चुनी गई।
11 नगर निगम में भाजपा के 10 मेयर, एक निर्दलीय
देहरादून में भाजपा के सौरभ थपलियाल, अल्मोड़ा में भाजपा के अजय वर्मा, हल्द्वानी से भाजपा के गजराज बिष्ट, पिथौरागढ़ में भाजपा की कल्पना देवलाल, कोटद्वार में भाजपा के शैलेंद्र सिंह रावत, रुद्रपुर से भाजपा का विकास शर्मा, ऋषिकेश से भाजपा के शंभू पासवान, काशीपुर से भाजपा के दीपक बाली, रुड़की से भाजपा की अनिता देवी अग्रवाल, हरिद्वार से भाजपा की किरण जैसल और
श्रीनगर में निर्दलीय आरती भंडारी।
पंचायतों में भाजपा-कांग्रेस में रहा मुकाबला
गढ़वाल की नगर पालिका में निर्दलीयों का जलवा, पंचायतों में भाजपा-कांग्रेस में मुकाबला रहा। गढ़वाल के पांच जिलों की नगर पालिकाओं में निर्दलीय जीते। 16 नगर पालिका सीटों में से निर्दलीय 8 सीटों पर जीते। वहीं, भाजपा पांच और कांग्रेस तीन को ही जीत सकी। जबकि, नगर पंचायत की जंग में भाजपा-कांग्रेस में कड़ा मुकाबला रहा। 21 नगर पंचायत सीटों में से 9 पर भाजपा, 8 पर कांग्रेस और 4 पर निर्दलीयों ने जीते।
चमोली जिले में नगर पालिका की चार सीटों में से दो पर भाजपा और दो पर कांग्रेस ने जीती। जबकि, पंचायत की छह सीटों में से चार पर कांग्रेस और दो पर निर्दलीय विजयी रहे। चमोली में कर्णप्रयाग पालिका सीट पर पूर्व विधायक के बेटे गणेश चंद्र शाह ने जीत दर्ज की। जबकि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला के गृहक्षेत्र पोखरी नगर पंचायत से निर्दलीय सोहन लाल ने जीत ली। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में नगर पालिका सीट पर निर्दलीय ने जीत का परचम लहराया तो पंचायत की चार सीटों में से एक पर निर्दलीय, दो पर भाजपा और एक पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
टिहरी जिले में छह नगर पंचायत और चार नगर पालिका हैं। इनमें पांच नगर पंचायतों तपोवन, घनसाली, चमियाला, लंबगांव और कीर्तिनगर में भाजपा के उम्मीदवार जीते। वहीं, गजा में निर्दलीय ने जीत दर्ज की। जबकि, दो नगर पालिका नई टिहरी और मुनिकीरेती में निर्दलीयों का कब्जा रहा, चंबा में भाजपा जीती। जबकि देवप्रयाग में भाजपा पहले ही निर्विरोध जीत चुकी है।
उत्तरकाशी जिले में दो नगर पंचायतों में गंगोत्री नगर पंचायत में चुनाव नहीं होते हैं, यहां प्रशासक रहता है। वहीं नौगांव में भाजपा जीती है। चार नगर पालिकाओं में बाड़ाहाट, चिन्यालीसौड़, बड़कोट में निर्दलीय और पुरोला में कांग्रेस जीती है।
पौड़ी जनपद में सात निकायों में पांच सीटों पर कांग्रेस व निर्दलीयों का दबदबा रहा। नगर पालिका पौड़ी, दुगड्डा पर निर्दलीय जीते। सतपुली नगर पंचायत और स्वर्गाश्रम जोंक नगर पंचायत पर कांग्रेस काबिज हुई। वहीं, श्रीनगर के कीर्तिनगर नगर पंचायत में भाजपा और देवप्रयाग नगर पालिका में भाजपा की ममता देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। थलीसैंण नगर पंचायत से कांग्रेस जीती है तो श्रीनगर नगर निगम में मेयर पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आरती भंडारी और कोटद्वार नगर निगम में भाजपा के शैलेद्र सिंह रावत जीते।
More Stories
केदारनाथ हेली सेवा : एक झटके में बुक हो गए हजारों टिकिट, कहीं एजेंटों की तो नहीं कारस्तानी
दो किशोरियों की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर उत्तराखंड महिला आयोग ने लिया संज्ञान, पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
कुछ लोगों की निजी जागीर बनकर रह गया था वक्फ बोर्ड: महाराज