December 14, 2025

Uttarakhand Meemansa

News Portal

शादी तैयारियों में लगे परिजन और दूल्हा हुआ गायब

-परिजनों ने एक महिला पर संदेह जताया है। दूल्हे की मां ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

भाबर क्षेत्र के नींबूचौड़ में शादी के दिन दूल्हे के गायब होने का मामला सामने आया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने एक महिला पर संदेह जताया है। दूल्हे की मां ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

उन्होंने बताया कि उनके बेटे की शादी बिजनौर के एक गांव में तय हुई। मंगलवार शाम को न्यूतेर (अतिथि सत्कार का दिन) था। कार्यक्रम के बाद सभी सो गए थे। बुधवार सुबह परिजन उठे तो बेटा घर से गायब था। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था।

उन्हाेंने बताया कि बलभद्रपुर निवासी एक महिला उनके बेटे से काफी दिनों से पैसों की मांग कर रही थी। पैसा न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। इसके चलते वह काफी परेशान था। उन्होंने कहा कि बेटे ने न्यूतेर के दिन ही परिजनों को यह बात बताई थी। परिजनों का आरोप है कि महिला भी अपने घर पर नहीं है। उन्हाेंने महिला पर बेटे को गायब करने का आरोप लगाया है।

एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। दूल्हे की लोकेशन हरिद्वार में मिली है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि कुछ रिश्तेदार भी दूल्हे की तलाश में हरिद्वार रवाना हुए हैं।

news