यह मार्ग केदारनाथ धाम के साथ ही लंबगांव, बाड़ागड्डी क्षेत्र के मुस्टिकसौड़, मानपुर समेत आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। लगातार भू-धंसाव से सड़क का किनारा कमजोर पड़ रहा है और हादसे की आशंका बनी है।
उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो) उत्तरकाशी। लंबगांव मोटर मार्ग पर थलन गांव के समीप सड़क का हिस्सा धंसने लगा है, जिससे क्षेत्र की आवाजाही जोखिमभरी है। यह मार्ग केदारनाथ धाम के साथ ही लंबगांव, बाड़ागड्डी क्षेत्र के मुस्टिकसौड़, मानपुर समेत आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। लगातार भू-धंसाव से सड़क का किनारा कमजोर पड़ रहा है और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी है।
मस्ताड़ी के पूर्व ग्राम प्रधान सत्य नारायण सेमवाल और क्षेत्र पंचायत सदस्य शंकर गुसाईं ने बताया कि थलन गांव के समीप सड़क का हिस्सा लगातार क्षतिग्रस्त हो रहा है। सड़क किनारे भू-धंसाव का खतरा बना है। उनका कहना है कि रात के समय स्थिति अधिक खतरनाक हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा साफ दिखाई नहीं देता। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग ने खतरे वाले स्थान पर केवल पत्थर रखकर लोगों को सतर्क करने का प्रयास किया है। लेकिन, भूधंसाव को रोकने के लिए अब तक कोई ठोस ट्रीटमेंट या सुरक्षात्मक कार्य शुरू नहीं किया गया है।
सड़क का बड़ा हिस्सा हो सकता है ध्वस्त
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क के धंस रहे हिस्से का स्थायी उपचार नहीं किया गया तो भारी बारिश या लगातार आवाजाही के दौरान सड़क का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो सकता है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विभाग से मांग की है कि संभावित हादसे को देखते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित किया जाए। साथ ही रात के समय दुर्घटना रोकने के लिए पर्याप्त चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था हो।


More Stories
आजम खां का जौहर विश्वविद्यालय: बताये 45 करोड़, खर्च हुये 494 करोड़ रुपये
कार और बाइक सवारों के बीच विवाद में कई राउंड फायरिंग
पाठकों का बड़ा प्रतिशत खोया, अब इसे बचाए रखना बड़ी चुनौती: जितेन ठाकुर