June 13, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

उत्तराखंड में हजारों पदों पर जल्द होंगी भर्तियां, आयोग कर रहे तैयारी

-उत्तराखंड लोक सेवा आयोग व उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जल्द ही प्रदेश में अलग-अलग विभागों में भर्तियां शुरू करने जा रहे हैं। मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू की सख्ती के बाद विभागों ने भर्तियों के प्रस्ताव (अधियाचन) संबंधित भर्ती संस्थाओं को भेज दिए हैं, जिनका अध्ययन किया जा रहा है।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग अलग-अलग विभागों के 650 से अधिक पदों पर भर्तियां शुरू करने जा रहा है। आयोग के सचिव कर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अपर निजी सचिव सचिवालय प्रशासन के 88 पद, पुलिस उपाधीक्षक दूरसंचार के तीन पद, सहायक सांख्यिकी अधिकारी के 11 पद, आयोग, शासन व परिषद में सहायक समीक्षा अधिकारी के करीब 120 पदों के अधियाचन प्राप्त हो चुके हैं। पॉलिटेक्निक प्रवक्ता के 398 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव पहले मिल चुका है, अब 39 पद और बढ़ा दिए गए हैं। सभी प्रस्तावों का अध्ययन किया जा रहा है। जल्द ही भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी कर दिए जाएंगे। पॉलिटेक्निक प्रवक्ता पदों के लिए भर्ती का सिलेबस तैयार किया जा रहा है।

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से विभिन्न विभागों में 1500 से अधिक पदों पर भर्तियां शुरू की जा रही हैं। सभी पदों के भर्तियों के अधियाचन आयोग को मिल चुके हैं। आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि वन निगम में स्केलर के 200 पद, विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकार, कनिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक सहित अलग-अलग करीब 1500 पदों के भर्ती के प्रस्ताव उन्हें मिले हैं। इनका अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगस्त में भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी किए जाएंगे। इसके बाद कैलेंडर के हिसाब से भर्तियां की जाएंगी।

news