-उत्तराखंड कांग्रेस के बड़े नेता जोत सिंह बिष्ट ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने कांग्रेस पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने धनोल्टी से विधानसभा चुनाव लड़ा था।
(Uttarakhand Meemansa News)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया है। बिष्ट ने विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के कुछ नेताओ पर भितरघात का आरोप लगाया। बिष्ट ने बताया कि चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओ ने खुलेआम भाजपा प्रत्याशी के लिये काम किया। इनके खिलाफ शिकायत की गई तो नेतृत्व ने कार्रवाई नहीं की। मेरा मन बेहद आहत है आज की तारीख से मेरा कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है। बिष्ट ने कहा कि मैं कोई वेतन-पेंशन भोगी कर्मचारी नहीं हूं जो इस्तीफे की औपचारिकता करता रहूं। 40 साल से मैं वैचारिक रूप से कांग्रेस से जुड़ा था। अब विचार नही दिख रहा है, इसलिए कांग्रेस में नहीं रह सकता।
बिष्ट ने धनोल्टी से विधानसभा चुनाव लड़ा था। फेसबुक पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि मैं पार्टी के सभी पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं।
पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं
बिष्ट ने फेसबुक पर लिखा, ‘मा. सोनिया गांधी, श्री राहुल गांधी, श्री हरीश रावत, श्री यशपाल आर्य जी, श्री करण महरा जी, श्री प्रीतम सिंह चौहान जी व उत्तराखंड कांग्रेस के सभी वरिष्ठ/कनिष्ठ सहयोगी साथियों के संज्ञानार्थ! आप सबके स्नेह एवं सहयोग से मैंने अपने राजनीतिक जीवन के 40 वर्षों का सफर तय किया। आज आप सभी साथियों को अत्यंत दुखी मन से सूचित कर रहा हूं कि कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से चल रहे अंतर्कलह, अनुशासन हीनता, निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी व एकतरफा फैसलों के चलते पार्टी का भविष्य अनिश्चितता की ओर जा रहा है। नेतृत्व की पांत में बैठे लोग लगातार हार के बाद भी सबक लेने के बजाय व्यक्तिगत हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुझे अब दूर-दूर तक सुधार की कोई गुंजाइश नहीं दिखाई देती है, इसलिए किसी पर किसी प्रकार का व्यक्तिगत आरोप न लगाकर तथा कोई व्यक्तिगत दुर्भावना रखे बिना मैं कांग्रेस पार्टी के सभी पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं।


More Stories
प्रसव पीड़ा में तड़पती रही गर्भवती, 10 किमी पैदल चलकर पहुंची अस्पताल
रुड़की में कांवड़ पटरी पर चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत
आवाजाही खतरनाक: थलन के पास धंस रहा लंबगांव मोटर मार्ग