October 15, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

कलियर के गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर का शव मिला

रुड़की। पिरान कलियर में एक गेस्ट हाउस के कमरे में यूट्यूबर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी आतिफ के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।

मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था। वह इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर उसकी नाराजगी हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ कलियर पहुंचा और गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया।

पंखे से लटका मिला आतिफ का शव 

बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात कही। युवती ने दूसरे मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए आतिफ के भाई को घटना दिखाई। इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर आतिफ के परिजन कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची। वहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमल मोहन भंडारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक 

news