October 12, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपए जारी

प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के लिये जिलावार धनराशि जारी की गई है। शिक्षा महानिदेशक ने प्रभावित विद्यालयों में निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के शीघ्र पुनर्निर्माण के लिए राज्य सरकार ने आपदा मोचन निधि से 30 करोड़ रुपए का बजट जारी कर दिया है। साथ ही सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवंटित धनराशि का उपयोग शीघ्र करने कर मार्च 2027 तक उपयोगिता प्रमाण पत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।

आपदा में क्षतिग्रस्त विद्यालयों में भवन, चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालय एवं अन्य परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के लिये पृथक-पृथक 15-15 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हैं। महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवंटित धनराशि को शीघ्र व्यय करने के निर्देश दिये हैं। आपदा मोचन निधि के तहत प्राथमिक विद्यालयों के लिये चमोली, पिथौरागढ़, चम्पावत, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, रूद्रप्रयाग व अल्मोड़ा जनपद को 1.25-1.25 करोड़ की धनराशि जारी की है। जबकि, हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर व ऊधमसिंह नगर जिले को 1.1 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। इसी प्रकार माध्यमिक शिक्षा के तहत चमोली, पिथौरागढ़, चम्पावत, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, रूद्रप्रयाग व अल्मोड़ा जनपद को 1.25-1.25 करोड़ की धनराशि जारी की है। जबकि, हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर व ऊधमसिंह नगर जिले को 1.1 करोड़ की धनराशि आवंटित की है।

प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों का शीघ्र पुनर्निनिर्माण कर उन्हें सुरक्षित व सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। इसके लिये प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के लिये जनपदवार 30 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि विद्यालयों को जल्द से जल्द पूर्ववत स्वरूप में लाया जा सके।

-डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री

news