July 11, 2026

Uttarakhand Meemansa

News Portal

टीईटी के विरोध प्राथमिक शिक्षकों किया प्रदर्शन

प्राथमिक शिक्षक संघ ने देहरादून में उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन कर दिया धरना।

उत्तराखंड मीमांसा न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से मुक्त रखने व अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने के मुद्दे पर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन कर धरना दिया। साथ ही उप शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया।

प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर इकाई की ओर से आंदोलन का आह्वान किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर के अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता कतई उचित नहीं है, सभी शिक्षक उस समय निर्धारित सभी योग्यताओं को पूरा करने के बाद ही शिक्षक के रूप में सेवा में सम्मिलित हुये हैं। सरकार को इस पर यथाशीघ्र आवश्यक संशोधन करना चाहिये। साथ ही उन्होंने कहा कि पेंशन प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है। अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त सभी शिक्षक-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में यथाशीघ्र सम्मिलित किया जाना चाहिये।

ब्लॉक मंत्री विनोद सिंह असवाल ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार ने आरटीआई अधिनियम में चुपके से एक संशोधन कर पूर्व से नियुक्त सभी शिक्षकों के लिये भी टीईटी अनिवार्य कर दिया है जो न्यायोचित नहीं है। कोई भी कानून पूर्व की तिथि से लागू नहीं किया जा सकता। धरने में विशेष रूप से उपस्थित उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र रावत ने कहा कि आज पूरे प्रदेश के ब्लॉक मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन आयोजित कर मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किये जा रहे हैं। इसके बाद 17 जुलाई को जनपद मुख्यालय पर इसी प्रकार धरना प्रदर्शन आयोजित कर दोबारा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किये जायेंगे। यदि सरकार मानसून सत्र में इस काले कानून को संशोधित नहीं करती है तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जायेगा। धरने में उपस्थित सभी वक्ताओं ने आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व के शिक्षकों को टीईटी से मुक्त रखने व 2005 के बाद नियुक्त शिक्षक-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में सम्मिलित करने की बात कही।

धरना प्रदर्शन में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत, संरक्षक शशि दिवाकर, उपाध्यक्ष नीलिमा नेगी, संगठन मंत्री मनजीत सोलंकी, प्रचार मंत्री शांति रावत, रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी, ब्लॉक मंत्री बिनोद सिंह असवाल, कोषाध्यक्ष प्रशांत सकलानी, ब्लॉक संरक्षक रविन्द्र नाथ उपाध्याय, संयुक्त मंत्री संजय कुमार, उपाध्यक्ष फरसराम कोठारी, राजेश्वरी थपलियाल, उप मंत्री प्रमोद कुमार, संगठन मंत्री आशा मोहन, प्रकाश पुरोहित, प्रचार मंत्री सुनीता रावत, अंजलि सेठी, मीडिया प्रभारी सुधीर ज़खमोला, अरविंद थपलियाल, ब्लॉक अध्यक्ष अनुराग चौहान, सतीश नौटियाल, लक्ष्मण सोलंकी, भवानी दत्त सेमवाल, जगबीर भंडारी, पूनम बुटोला, जहाँआरा, हर्षिता शर्मा, रजनी रावत, पूनम आहूजा, रेणुका, अपूर्वा, पूनम शर्मा, वर्षा पाल, रेखा उनियाल समेत सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकायें सम्मिलित हुए।

इन्होंने सौंपा ज्ञापन

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी, मंत्री बिनोद सिंह असवाल, कोषाध्यक्ष प्रशांत सकलानी के नेतृत्व में उप शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया।

news