छात्रा जिस घर में ट्यूशन पढ़ती थी, उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर वहीं चोरी कर दी। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए लाखों के जेवर बरामद हुए हैं।
एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बताया कि 26 अप्रैल को डेंटिस्ट वीरेंद्र कुमार निवासी चकशाहनगर ने नेहरू कॉलोनी थाने में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया कि 20 अप्रैल को वह परिवार के साथ विवाह समारोह में शामिल होने के लिए रुड़की गए थे। 5 दिन बाद घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे जेवर और अन्य सामान गायब थे।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने चकशाहनगर ग्राउंड से एक लड़की और एक युवक को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान सोनिया व अमरपाल निवासी चकशाहनगर नेहरू कॉलोनी के रूप में हुई।आरोपी सोनिया 12वीं की छात्रा है। पीड़ित की पत्नी उसे ट्यूशन पढ़ाती थी।
पूछताछ में सोनिया ने बताया कि उसे पता था कि उनकी शिक्षक परिवार के साथ शादी में जा रही हैं। उसने अपने दोस्त अमरपाल के साथ ट्यूशन टीचर के घर चोरी की योजना बनाई। वह 21 अप्रैल की रात घर में घुसे और ताला तोड़कर आलमारी में रखे जेवर और नकदी चोरी कर लिए। नकदी को लेकर दोनों रात में ही हरिद्वार चले गए। जेवरों को चकशाहनगर ग्राउंड के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। रात में हरिद्वार में रुककर सुबह अपने घर वापस आ गए। चोरी की गई नकदी के 10 हजार रुपये सोनिया ने अपने बैंक अकाउंट में जमा कर लिए। इसके बाद वह जेवर बेचने की फिराक में थे।
बरामद हुआ सामान
सोने का हार, दो जोड़ी सोने के झुमके, तीन जोड़ी कान की बालियां, ग्यारह जोड़ी बिछवे, दो पेंडल नग, दो अंगूठी, नौ नाक की लोंग, एक नाक की बाली, एक चांदी की नथ, एक कमर की तगड़ी, नौ जोड़ी पायल, एक अहोई माता का पेंडल आदि।


More Stories
प्रसव पीड़ा में तड़पती रही गर्भवती, 10 किमी पैदल चलकर पहुंची अस्पताल
रुड़की में कांवड़ पटरी पर चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत
आवाजाही खतरनाक: थलन के पास धंस रहा लंबगांव मोटर मार्ग