-नाना पाटेकर आजकल उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में मराठी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

(Uttarakhand Meemansa News)। उत्तराखंड की वादियों में मराठी फिल्म की शूटिंग कर रहे सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर को उत्तराखंड खूब पसंद आ रहा है। यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, शान्त माहौल और लोगों का अपनापन उन्हें इतना भा गया है कि वह उत्तराखंड में अपना घर बनाना चाहते हैं।

पाटेकर ने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके कैम्प कार्यालय में शिष्टाचार भेंट भी की। मुख्यमंत्री ने नाना पाटेकर को पहाड़ी टोपी पहनाई और शाल ओढाकर उनका स्वागत किया। फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड का नैसर्गिक सौन्दर्य फिल्मों की शूटिंग के लिए बहुत अच्छा है, फिल्मांकन के लिए वातावरण भी बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के लोग बहुत अच्छे हैं, लोगों के व्यवहार में सौम्यता है। देवभूमि उत्तराखण्ड में फिल्म शूटिंग का उनका अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखण्ड में अपना घर बनाना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। फिल्म नीति को और अधिक आकर्षक बनाया जा रहा है ताकि राज्य में अधिक से अधिक फिल्म निर्माता आयें। सिंगल विंडो सिस्टम से शूटिंग की अनुमति दी जा रही है। शूटिंग के लिए कोई भी शुल्क नही लिया जा रहा है। 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में उत्तराखण्ड राज्य ने मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट (स्पेशल मेंशन) पुरस्कार प्राप्त किया है।


More Stories
पाबौ में 55 लाख की लागत से बनेगा बिडोली विद्युत उपकेंद्र
यूके पीसीएस 2024 का परिणाम जारी, जसमीत कौर ने किया टॉप
शनिवार रहा हादसों का दिन, सड़क दुर्घटनाओं में नौ की मौत